होली के हुड़दंग में पुलिस मुस्तैद, पल्ला थाना क्षेत्र में नहीं हुई कोई अप्रिय घटना
फरीदाबाद। होली के त्योहार को लेकर पल्ला थाना क्षेत्र में पुलिस पूरी तरह मुस्तैद दिखाई दी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और लगातार गश्त के चलते पल्ला थाना के अंतर्गत नवीनगर पुलिस चौकी सहित पूरे इलाके में होली का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के माहौल में संपन्न हुआ तथा कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
होली के दिन अक्सर हुड़दंग और अव्यवस्था की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही व्यापक तैयारियां कर ली थीं। क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात किया गया था। जगह-जगह पुलिस नाके लगाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और हुड़दंग करने की कोशिश करने वालों को सख्ती से रोका गया।
पुलिस टीम लगातार इलाके में गश्त करती रही और शराब के नशे में घूम रहे लोगों के समूहों को भी समझाइश देकर शांति बनाए रखने की हिदायत दी गई। कई स्थानों पर पुलिस ने लोगों को त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का संदेश दिया।
पल्ला थाना के एसएचओ सत्य प्रकाश तथा नवीनगर पुलिस चौकी के इंचार्ज रमेश चंद स्वयं पूरे दिन क्षेत्र में सक्रिय रहे और लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखी। पुलिस अधिकारियों ने चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों को तैनात कर रखा था, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
होली से एक दिन पहले ही पुलिस द्वारा पीसीआर वैन और राइडर्स की गश्त तेज कर दी गई थी। पुलिस ने क्षेत्र में स्पष्ट संदेश दिया था कि त्योहार की आड़ में गलत मानसिकता से किया गया हुड़दंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि दिनभर के दौरान कुछ स्थानों पर छुटपुट कहासुनी की घटनाएं सामने आईं, लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की समझदारी से उन्हें आपसी भाईचारे और समझदारी के साथ तुरंत सुलझा लिया गया।
फरीदाबाद के पुलिस कमिश्नर सतेन्द्र गुप्ता के निर्देशों पर, डीसीपी उषा कुंडू तथा एसीपी संजीव कुमार के नेतृत्व में पल्ला थाना क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधिकारियों की निगरानी और पुलिसकर्मियों की सतर्कता के कारण पूरे क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस सक्रियता की सराहना की और कहा कि पुलिस की मुस्तैदी के कारण ही इस बार क्षेत्र में होली पूरी तरह शांति और सौहार्द के साथ मनाई जा सकी।
